संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सनातन धर्म इंटर कालेज में चल रहे तृतीय वाणी गोयल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग में डीएन और जूनियर वर्ग में एसडी सदर की टीम विजेता रही। एसडी सदर और सीएबी इंटर कॉलेज के बीच रोमांचक फाइनल मैच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर पाईं। मैच का निर्णय पेनल्टी स्ट्रॉक के माध्यम से हुआ। इसमें एसडी सदर की टीम ने 3-0 से जीत हासिल की। टीम की ओर से अर्पित शर्मा, राघव और कृष्ण ने अपनी टीम के लिए एक-एक गोल किया।
सब जूनियर वर्ग का फाइनल सीएबी और डीएन कॉलेज की टीम के बीच हुआ। इसमें डीएन कॉलेज टीम के खिलाड़ी वरुण ने मैच के 24वें मिनट में गोल किया। डीएन की टीम ने 1-0 से मुकाबला जीता। इस मौके पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मुस्तफा, मयंक त्यागी और नक्श को पदक देकर सम्मानित किया गया। मैच के निर्णायक नरेंद्र कुमार और जाहिद खान रहे। प्रतियोगिता का संचालन प्रशिक्षक जोगेंद्र सिंह ने किया। समापन के दौरान पहुंची वाणी गोयल की माता पायल गोयल और भाई कुशाग्र गोयल ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्राफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग, नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।