एसडी इंटर कॉलेज में चल रही हॉकी लीग में हुए तीन मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर के मैदान पर चल रहे वाणी गोयल मेमोरियल हॉकी लीग कप के तीसरे दिन तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में डीएन कॉलेज की टीम ने डीएवी सदर को 3-0 से पराजित कर जीत दर्ज की।
विजेता टीम की ओर से अमन भारती, भावेश और वंश ने गोल किए। विरोधी टीम कोई गोल न कर सकी। दूसरा मुकाबला एसडी ब्लू और सीएबी टीम के बीच खेला गया। जिसमें सीएबी टीम ने 2-1 से जीत हासिल की। सीएबी टीम की ओर से रोहन, दीपक ने गोल किए। विरोधी टीम की ओर से एकमात्र गोल कार्तिक यादव ने 23वें मिनट में गोल किया। तीसरा मुकाबला यंग्स जूनियर एवं रोजमेरी टीम के बीच खेला गया। इस मैच में यंग्स जूनियर टीम ने 1-0 से जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से आरव ने 14वें मिनट में एकमात्र गोल किया । मैचों के उपरांत प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग एवं हॉकी प्रशिक्षक जोगेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैचों में निर्णायक की भूमिका अर्पित शर्मा एवं जाहिद खान ने निभाई। प्रतियोगिता के अन्य मुकाबले आज सुबह 8:30 बजे से खेले जाएंगे।