संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने अधिकारियों के साथ चौधरी चरण सिंह गंग नहर पटरी कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सलावा पुल, अटेरना पुल, दौराला पुल और नानू पुल समेत विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, साइनेज, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत, जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य शिविर, मोबाइल एंबुलेंस, महिला कांवड़ियों की सुरक्षा, गोताखोरों और मोटरबोट की उपलब्धता की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने विद्युत खंभों को पॉलिथीन से ढकने और ट्रांसफार्मरों को सुरक्षा जाली से कवर कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी सिटी बृजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक सिटी विनायक गोपाल भोसले, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।