नहीं है जरूरी सामग्री की कमी: डीएम
डीएम रमाकांत पांडेय के अनुसार आवश्यक वस्तुओं में आटा, चावल, दाल, खाद्य तेल, आलू, प्याज, सब्जी, नमक, दूध, चाय की पत्ती, माचिस, रसोई गैस, मिट्टी तेल, पेट्रोल, डीजल आदि की पर्याप्त उपलब्धता है। कोरोना वायरस की रोकथाम हेतु मास्क और सैनेटाइजर भी आवश्यक वस्तु अधिनियम के अधीन कर दिए गए हैं। इनकी कोई कालाबाजारी करते या अधिक मूल्य वसूलते पकड़ा गया तो कार्रवाई की जाएगी। जिलेवासी वस्तुओं के संग्रहण की प्रवृत्ति से बचें। किसी तरह की अफवाह न फैलाएं।
बाजार बंद कराए
एसडीएम बृजेश कुमार ने टीम के साथ शॉपर्स प्राइड मॉल की सभी दुकानें बंद कराईं। नजीबाबाद रोड पर बने बाजार भी बंद कराए। दुकानदारों व उपभोक्ताओं से भीड़ में आने से बचने व जनता कर्फ्यू का पालन करने की अपील की।
मंदिरों में प्रसाद चढ़ाने, घंटा बजाने पर रोक
जिले के मंदिरों की समितियों ने भी पूजन कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया है। राम के चौराहे पर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में प्रसाद चढ़ाने, मूर्तियों को छूने व घंटा बजाने पर रोक लगा दी गई है। मंदिर में सैनेटाइजर या साबुन से हाथ धोकर आने की अपील की जा रही है। श्री मां चामुंडा देवी पावन धाम के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल व महामंत्री कैलाशचंद्र सिंघल ने कहा कि मंदिर में पूजन कार्यक्रम सूक्ष्मतम रहेंगे। इस बार शोभायात्रा का आयोजन नहीं होगा। 25 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्रों में पूजन घर में ही करने को कहा है। श्री महाशक्ति कालिका मंदिर समिति ने भी नवरात्र के सभी पूजन कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
शिक्षकों ने भी किया आह्वान
अटेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने लोगों से जनता कर्फ्यू का पालन करने की अपील की है। कहा कि अगर सभी लोग 14 घंटे भीड़- भाड़ में रहने के बजाए अपने घर पर रहेंगे तो कोरोना वायरस को समाप्त करने में सफल हो सकते हैं।
न निकलें घरों से
अनाज व्यापारी सुशील जिंदल ने कहा कि जनता कर्फ्यू का पालन करें। बाजार बंद रहेगा, लिहाजा खरीदारी के लिए घर से बाहर न निकलें।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/