विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मिनी मैराथन और जागरूकता सेमिनार का आयोजन
विशेषज्ञों ने तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया
फोटो
संवाद
मेरठ। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मेरठ कैंसर हॉस्पिटल, आईआईएमटी विश्वविद्यालय तथा विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में मिनी मैराथन और जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर 15 महिला वर्ग में दिव्या ने पहला स्थान प्राप्त किया।
16 से 30 आयु वर्ष में विक्रांत, 30 से 50 आयु वर्ग में प्रवीण शर्मा प्रथम रहे। 72 वर्ष के होराम सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। मैराथन में चिकित्सकों, खिलाड़ियों, छात्रों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। मवाना सड़क स्थित वाई जंक्शन मिलिट्री डेयरी फार्म से शुरू हुई मिनी मैराथन में लगभग 700 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
6 वर्ष की परी चौधरी और 72 वर्षीय होराम सिंह विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कृत्रिम पैर के सहारे दौड़ में शामिल हुए अखिलेश वर्मा ने भी सभी को प्रेरित किया। मैराथन विभिन्न मार्गों से होते हुए आईआईएमटी विश्वविद्यालय के गेट नंबर-2 पर संपन्न हुई। मेरठ कैंसर हॉस्पिटल के निदेशक एवं कैंसर सर्जन डॉ. उमंग मिथल, मनोचिकित्सक डॉ. सम्यक जैन और आईआईएमटी समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. उमंग मिथल ने कहा कि तंबाकू में लगभग 7000 रसायन होते हैं, जिनमें से करीब 70 कैंसर का कारण बनते हैं। डॉ. सम्यक जैन ने कहा कि इच्छाशक्ति, मनोवैज्ञानिक परामर्श और उचित उपचार के माध्यम से तंबाकू की लत को छोड़ा जा सकता है। आईआईएमटी समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल ने तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।