अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
निवाड़ी से खतौली तक गंगनहर पटरी मार्ग पर किया निरीक्षण
- महिला पुलिसकर्मियों को महिला शिवभक्तों से संवाद बनाए रखने और उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को मंडलायुक्त भानुचंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने गाजियाबाद बॉर्डर स्थित निवाड़ी से लेकर मुजफ्फरनगर बॉर्डर के खतौली तक गंगनहर पटरी के चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, शिविरों की सुविधाओं और पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया। महिला पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से महिला शिवभक्तों से संवाद बनाए रखने और उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर सोमवार को जानी पुल, भोला झाल, नानू पुल, दौराला पुल और सलावा झाल सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। भोला झाल स्थित पुलिस सहायता केंद्र और आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही वॉच टावर, ड्रोन और आईपी आधारित कैमरों से की जा रही निगरानी का भी आकलन किया।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने कांवड़ सेवा शिविरों एवं मेडिकल शिविरों में पहुंचकर श्रद्धालुओं से संवाद किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और विद्युत सुरक्षा की स्थिति का निरीक्षण करते हुए शिविर संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने कांवड़ ड्यूटी में तैनात सुपर जोनल, जोनल अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर उन्हें पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। महिला पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से महिला शिवभक्तों से संवाद बनाए रखने और उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
- मोबाइल पेट्रोलिंग कांवड़ मार्ग पर दुरुस्त रहे
डीआईजी ने निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्ग पर मोबाइल पेट्रोलिंग और पिकेट ड्यूटी को और प्रभावी बनाया जाए। सीसीटीवी कैमरे, वायरलेस सेट और अन्य संचार उपकरण हर समय सक्रिय रहें तथा किसी भी तकनीकी खराबी को तत्काल दूर किया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा सूचना मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और त्वरित सहायता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
-