टाउन हॉल पर न्यायालय से मार्गदर्शन ले निगम
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी का कहना है कि नगरायुक्त को टाउन हॉल में वाहन पार्किंग का प्रस्ताव पास कराने से पहले हाईकोर्ट से मार्गदर्शन लेना चाहिए। अगर कार्यकारिणी सदस्यों ने पार्किंग का प्रस्ताव पास भी कर लिया तो न्यायालय के हस्तक्षेप पर निर्माण रुक सकता है।
निगम को जानकारी करनी चाहिए कि टाउन हॉल की जमीन पर किसका स्वामित्व है। मुंबई की तरह हाइड्रोलिक सिस्टम से वाहन पार्किंग की व्यवस्था निगम परिसर में करें। पहले भी नगर निगम और एमडीए ने निगम परिसर में ही वाहन पार्किंग प्रस्तावित की थी। डीपीआर बनवाकर 40 करोड़ का बजट प्रस्ताव तैयार किया गया था, उस पर निगम प्रशासन को काम करना चाहिए।
घंटाघर क्षेत्र में बननी चाहिए पार्किंग
सराफा कारोबार से जुड़ी 15 व्यापारिक एसोसिएशन ने घंटाघर क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग के लिए भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल को ज्ञापन सौंपा। बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल और अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जनहित में निर्णय लिया जाना चाहिए।
जनता के हित में लेंगे निर्णय
अगर 12 अगस्त को प्रस्तावित कार्यकारिणी की बैठक होती है तो उसमें शहर की जनता के हित में मल्टीलेवल वाहन पार्किंग पर निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए कानूनी सलाह भी ली जा रही है। मल्टीलेवल वाहन पार्किंग स्मार्ट सिटी का महत्वपूर्ण बिंदु और जनता की जरूरत है। -रंजन शर्मा, उपाध्यक्ष, नगर निगम कार्यकारिणी