सहारनपुर की बेहट कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर गांव में शुक्रवार की सुबह जमीन के विवाद में दो पक्षों में धारदार हथियार चले। एक पक्ष की तरफ से तेजाब भी फेंका गया। इसमें 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ लोग तेजाब से भी झुलसे हैं। घायलों को बेहट सीएचसी लाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेज दिया गया।
गांव के महमूद पुत्र मेंहदी हसन व दिलशाद पुत्र मीरहसन पक्ष की गांव में मैन रोड पर जमीन है, जिसे लेकर दोनों पक्षों में पिछले काफी समय से विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों में फिर से विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और एक दूसरे पर धारदार हथियारों से भी हमला किया।
इनमें तेजाब से भी हमला किया गया। दोनों पक्षों के दो महिलाओं सहित दस लोग घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी बेहट पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन का विवाद पुराना चला आ रहा है। पूर्व में उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो चुकी है। अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
वहीं, महमूद पक्ष का कहना है, कि गांव में ही उनकी रोड पर जमीन है। जिसमें बरसीम खड़ी है। पीछे नदी की तरफ दिलशाद पक्ष का हिस्सा है। आरोप है कि रात में दिलशाद पक्ष ने उनके खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर बरसीम नष्ट कर दी है। सुबह जब वह पहुंचा तो दिलशाद पक्ष ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसके परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन पर भी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। आरोप है कि उन पर तेजाब भी फेंका गया।