सरधना। बाइक मरम्मत के रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दो युवक महिला के कार्यालय पर पहुंचे और अभद्रता करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने थाना सरधना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
मोहल्ला तहसील रोड स्थित अंसार नगर निवासी शमा प्रवीन पत्नी मेहराजुद्दीन ने तहरीर में बताया कि वह टीम मोदी सपोर्टर संघ के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष हैं। आरोप है कि शनिवार रात दो युवक बाइक से उनके कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अभद्रता करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने अपनी बाइक मरम्मत के लिए दी थी और इसके पांच हजार रुपये भी दिए थे। आरोप है कि तीन बार मरम्मत कराने के बावजूद बाइक ठीक नहीं हुई। इसके बाद युवकों ने दोबारा पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इन्कार करने पर घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोपियों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।