किशोरपुर में पीडीए जन संवाद में शामिल सपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में क्षेत्र के किशोरपुर गांव में शुक्रवार को पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। अध्यक्षता प्रदेश सचिव नरवैर सिंह और संचालन युवा नेता राजन कर्दम ने किया।
मुख्य अतिथि किशोर वाल्मीकि ने प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने युवाओं और किसानों से सामाजिक व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव नरवैर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। वक्ताओं ने कहा कि पीडीए जनसंवाद का उद्देश्य समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनना तथा सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में राजन कर्दम, शिवम कर्दम, अवनीश चौधरी, संदीप जाटव, नौसाद सैफी, राजपाल बाबा, जल्लुद्दीन, अनुज जाटव, सुंदर जाटव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।