मवाना। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विद्युत निगम के अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से लोहे के बिजली के खंभों को प्लास्टिक के पाइप व पॉलिथीन से कवर कराने का कार्य शुरू कराया।
इस समय बरसात का मौसम चल रहा है। अगस्त माह में शिवरात्रि का पर्व है, जिसमें हरिद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री आदि से काफी तादाद में शिवभक्त कांवड़ लेकर आते हैं और शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में कई बार बरसात के दिनों में बिजली के लोहे के खंभों में करंट आने से हादसों की आशंका बनी रहती है। इससे बचने के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों द्वारा लोहे के बिजली के खंभों को प्लास्टिक के पाइप व पॉलिथीन से कवर कराने का कार्य शुरू करा दिया गया है।
विद्युत निगम के एसडीओ रामजनम सिंह ने बताया कि कांवड़ के मद्देनजर बिजली के लोहे के खंभों को कवर कराने का कार्य किया जा रहा है। पहले मुख्य मार्ग पर जहां अधिक संख्या में कांवड़ियों की आवाजाही रहेगी, उन स्थानों के खंभों को प्लास्टिक के पाइप से और अन्य स्थानों के खंभों को पॉलिथीन से कवर कराया जा रहा है। नगर के सभी लोहे के खंभों को सुरक्षा के मद्देनजर कवर कराया जाएगा।