संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मुख्य अभियंता मेरठ द्वितीय की अध्यक्षता में विद्युत वितरण खंड सरधना में अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी, अधिशाषी अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से बिजली बिल राहत योजना की प्रगति, बिजली चोरी के मामलों में खराब पंजीकरण, राजस्व वसूली और बिलिंग प्रक्रिया, स्मार्ट मीटरिंग परियोजना और सक्सेस स्टोरी एरिया की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा बिजनेस प्लान 2024-25 एवं 2025-26 के कार्य पूर्णता, प्रोजेक्ट क्लोजर, भुगतान और वितरण परिवर्तक सर्वे पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बैठक में अनुरक्षण माह की गतिविधियों और सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की और निर्देश जारी किए। बैठक में गुरजीत सिंह मुख्य अभियंता, उपेंद्र तिवारी अधीक्षण अभियंता, दुर्गेश जायसवाल अधिशाषी अभियंता व क्षेत्र के अवर अभियंता शामिल रहे।
मोहल्ला कमरानवाबान में अघोषित बिजली कटौती
सरधना। नगर के मोहल्ला कमरानवाबान में शनिवार को अघोषित बिजली कटौती के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगभग चार घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे घरों में अंधेरा छा गया। इनवर्टर भी काम नहीं कर पा रहे थे। कई परिवारों को मोमबत्ती और टॉर्च के सहारे रहना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल की समस्या भी पैदा हो गई। मोटर न चल पाने के कारण कई घरों में पानी की किल्लत रही, जिससे घरेलू कार्य प्रभावित हुए। खासकर सुबह और शाम के समय लोग अधिक परेशान हुए। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि बिजली कटौती की पूर्व सूचना दी जाती तो वह वैकल्पिक इंतजाम कर सकते थे। इसके अलावा, बिजली विभाग से संपर्क करने का प्रयास करने के बावजूद संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी।