दिव्यांग बहू ने ससुर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा की दिव्यांग विवाहिता ने ससुर पर दुष्कर्म, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता बृहस्पतिवार को परिजनों व भाकियू पदाधिकारियों संग आईजी और एसएसपी से मिली। एसएसपी ने थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।
सरधना रोड स्थित जंगेठी गांव निवासी व्यक्ति की दिव्यांग बेटी की शादी आठ माह पहले बहादुरपुर गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए विवाहिता के साथ मारपीट कर रहे थे। उसे कमरे में बंद करके रखते थे। आरोप है कि ससुर उसके कमरे में घुस आया और दुष्कर्म किया। पति को घटना बताई तो ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। एसएसपी रोहित सजवाण ने थाना प्रभारी को कार्रवाई के आदेश दिए। भाकियू के पदाधिकारी संजय दौरालिया के नेतृत्व में महिला आईजी प्रवीण कुमार से मिली। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर का कहना है कि टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों के घर पर ताला लगा हुआ है। संवाद