- भाकियू लोक शक्ति ने विद्युत निगम के एमडी से कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। नगर के वार्ड संख्या-3 में जर्जर विद्युत खंभे लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। खंभों की हालत इतनी खराब है कि कभी भी इनके गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति ने विद्युत निगम के एमडी से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को भाकियू लोक शक्ति के जिला अध्यक्ष अजय त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मेरठ पहुंचकर विद्युत विभाग के एमडी से मुलाकात की। उन्होंने वार्ड संख्या-3 में जर्जर विद्युत खंभों को तत्काल बदलवाने के संबंध में प्रार्थना पत्र सौंपा। कार्यकर्ताओं ने बताया कि खरखौदा बिजलीघर के अंतर्गत वार्ड संख्या-3 में करीब सात विद्युत खंभे लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। कई खंभों की स्थिति ऐसी है कि वह कभी भी गिर सकते हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों, राहगीरों और दुकानदारों की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है।
अजय त्यागी ने कहा कि बिजली के जर्जर खंभे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। विभाग को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय पहले ही इन्हें बदल देना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने एमडी से जर्जर खंभों को प्राथमिकता के आधार पर बदलवाने की मांग की।
इस दौरान संजय त्यागी, रवि कुमार, रविंद्र प्रजापति, देव प्रकाश ठाकुर, आदित्य शर्मा, अमित कुमार, पंकज पाल, रोहित शर्मा, डीजे सौरभ खासपुर, टीनू त्यागी, नीरज त्यागी, दिनेश त्यागी और अताउल्लाह सैफी आदि मौजूद रहे।
मेरठ में विद्युत विभाग के एमडी को अपना मांग पत्र देते भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकार
मेरठ में विद्युत विभाग के एमडी को अपना मांग पत्र देते भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकार