संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में चल रहे थल सैनिक कैंप 2 एवं सीएटीसी 264 के चौथे दिन मंगलवार को सभी प्रशिक्षण और प्रतियोगितात्मक गतिविधियां प्रशिक्षण सत्रों में कैडेट्स ने अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान हवलदार नरेश ने कैडेट्स को ड्रोन संचालन की सैद्धांतिक जानकारी देने के साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया। कैडेट्स को ड्रोन के संचालन और उसके व्यावहारिक उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इससे कैडेट्स को तकनीकी प्रशिक्षण के नए आयाम से परिचित होने का अवसर मिला।
बेस्ट कैडेट प्रतियोगिता के तहत 2 यूपी आम्र्ड के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सीके सिंह ने कैडेट्स के लिए समूह चर्चा और व्याख्यान का आयोजन कराया। इसमें कैडेट्स के ज्ञान अभिव्यक्ति कौशल आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का आकलन किया गया। अल्फा कंपनी के 94 कैडेट्स ने फायरिंग प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
मेजर मानिक जैन और मेजर अवधेश कुमार की देखरेख में सीएटीसी की अन्य प्रशिक्षण कक्षाएं भी संचालित हुईं। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सभागार में उत्तर प्रदेश निदेशालय के एडीजी के प्रस्तावित आगमन और निरीक्षण को लेकर कैंप कमांडेंट कर्नल सौरभ डिमरी और डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सौरभ शाही ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान कैंप सूबेदार मेजर संजय कुमारए कैंप बीएचएम श्रीकांत और एडम एनसीओ प्रकाश रावत मौजूद रहे।