- बीमा पॉलिसियों में जमा लाखों रुपये हड़पने की शिकायत, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कपसाड़ गांव निवासी दिव्यांग दुकानदार ने बैंक प्रबंधक और बीमा कंपनी के कर्मचारी पर बीमा के नाम पर आर्थिक धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी सुंदरपाल पुत्र नेपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शत-प्रतिशत दिव्यांग है और गांव में परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके अनुसार वर्ष 2020-21 में केनरा बैंक की कैली शाखा के माध्यम से उसके नाम तीन बीमा पॉलिसियां कराई गई थीं। इन पॉलिसियों की किस्तें नियमित रूप से उसके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कटती रहीं। सुंदरपाल का आरोप है कि बीमा योजनाओं में उसने करीब तीन से चार लाख रुपये जमा किए। हाल ही में जब वह पॉलिसियों की जानकारी लेने बैंक पहुंचा तो वहां मौजूद बीमा कर्मचारी ने उसे बताया कि दिव्यांग होने के कारण उसे संबंधित बीमा योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकता। साथ ही कहा कि पॉलिसियां गलत तरीके से कराई गई थीं।
पीड़ित का कहना है कि उसे जमा धनराशि वापस दिलाने का आश्वासन देकर कुछ दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद उसके खाते में केवल करीब 1.25 लाख रुपये ही लौटाए गए, जबकि शेष रकम वापस नहीं की। सुंदरपाल का आरोप है कि उसके साथ विश्वासघात करते हुए लाखों रुपये की आर्थिक हानि पहुंचाई गई है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उसकी शेष धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।