देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों का विरोध हो रहा है। पश्चिमी यूपी के जिलों में महंगाई को लेकर लोग आए दिन प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा सरकार में लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है। उधर, कांग्रेस, सपा और बसपा कार्यकर्ता भी महंगाई के विरोध में सरकार को घेरने में लगे हुए हैं।
बता दें कि मेरठ शहर में आज 17 फरवरी को पेट्रोल 87.80 रुपये और डीजल 80 रुपये लीटर मिल रहा है। पेट्रोल और डीजल की लगातार कीमतें बढ़ने से लोगों में सरकार के खिलाफ गुस्सा है।
वहीं ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने बढ़ते डीजल रेट, ई-वे बिल, टीडीएस, इंश्योरेंस आदि को लेकर हड़ताल पर जाने का एलान किया है। हालांकि इससे पहले ट्रांसपोर्टर सरकार को 14 दिन का नोटिस देंगे। दिल्ली में हुई बैठक में शामिल होकर लौटे ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पिंकी चिन्यौटी ने यह जानकारी दी।
बताया कि आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अध्यक्ष कुलतार सिंह अटवाल ने कहा कि देश इस समय कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। इसके चलते पहले सरकार को 14 दिन का नोटिस दिया जाएगा। अगर इसके बाद भी ट्रांसपोर्टरों की मांगों को निराकरण नहीं हुआ तो ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर चले जाएंगे। बैठक में मेरठ से पिंकी चिन्यौटी के अलावा राकेश विज और राजकुमार सचदेवा ने भी हिस्सा लिया।
उधर, बड़ौत में आजाद नगर कॉलोनी की महिलाओं ने गैस सिलिंडर के बढ़ते दामों के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर अंकुश लगाएं जाने की मांग की।
यह भी पढ़ें: यूपी: सिलिंडर के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ा, दस दिन में 75 रुपये बढ़ने से गृहिणियां परेशान
युवा रालोद जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र तोमर के नेतृत्व में कॉलोनी की काफी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुई और प्रदर्शन किया। युवा रालोद जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जनविरोधी व किसान विरोधी काम कर रही है। आज हर वर्ग मोदी सरकार से त्रस्त है।
वहीं महिलाओं ने कहा कि देश की वर्तमान भाजपा सरकार जनता से झूठे वायदे कर सत्ता में आयी थी। गैस, डीजल-पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/