फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शास्त्रीनगर में गंदे पानी से डायरिया फैला, 36 लोग बीमार

विज्ञापन
शास्त्री नगर में जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
विज्ञापन
मेरठ। वार्ड-26 शास्त्रीनगर कुटी चौराहा के पास बुद्ध विहार में डायरिया से महिला रेखा (40) की मौत के दूसरे दिन शनिवार को भी नगर निगम नहीं जागा। महिला की मौत के बाद परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है। महिला का परिवार शास्त्रीनगर छोड़कर दूसरी जगह पर शिफ्ट हो गया है। करीब आठ हजार की आबादी वाले इलाके में अवर जलाशय से गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है, उसको पीकर महिला और बच्चों में डायरिया फैल रहा है। वहां पर गंदा पानी पीने से 36 लोग बीमार हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम शास्त्रीनगर में पहुंची और 170 लोगों से वार्ता कर हेल्थ कैंप लगाने तैयारी शुरू की।
विज्ञापन

नगर निगम का शास्त्रीनगर कुटी चौराहे के पास अवर जलाशय (पानी की टंकी) है। यहां से घरों में पेयजल सप्लाई किया जा रहा है। 20-25 दिन से लोगों के यहां गंदा पानी आ रहा है। इसकी शिकायत करने के बावजूद भी नगर निगम नहीं जागा। शुक्रवार को डायरिया होने से महिपाल सिंह की पत्नी रेखा की मौत हो गई थी। लोगों का आरोप है कि महिला को डायरिया गंदा पानी पीने के कारण हुआ था। वार्ड-26 के पार्षद सतपाल सिंह ने बताया कि महिला की मौत के बाद नगर निगम के जलकल विभाग की टीम ने शास्त्रीनगर में आकर पानी के तीन सैंपल लेकर खानापूर्ति की।
शनिवार को सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने जागृति विहार के मेडिकल ऑफिसर की टीम बनाकर सत्यापन के लिए भेजा। टीम ने घर-घर जाकर लोगों से बात करके लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मेडिकल ऑफिसर ने मृतक महिला के घर पर पहुंंचे, जहां पर कोई नहीं मिला। पता चला कि महिला का परिवार किराये पर रहता था और वह शास्त्रीनगर छोड़कर दूसरे जगह पर शिफ्ट हो गया है। बताया कि मेडिकल टीम को 36 लोग अस्वस्थ मिले। लोगों की शिकायत है कि पानी दूषित हो चुका है। इससे लोगों में उल्टी-दस्त, पेटदर्द व चक्कर आने की समस्या हो रही है। सीएमओ के आदेश अनुसार आज फिर से हेल्थ कैंप लगाया जाएगा।
विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दवाइयां वितरित कीं
शास्त्रीनगर में डायरिया फैलने से लोग बीमार हो रहे हैं। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को पानी की जांच के सैंपल एकत्रित करने की किट दी गई है। ऐसे में मेडिकल टीम ने लोगों को ओआरएस तथा जरूरी दवाइयां का वितरण भी किया। सभी लोगों को अपना-अपना हेल्थ चेकअप कराने की सलाह भी दी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जल्द ही वहां पर हेल्थ कैंप लगाने का आश्वासन लोगों को दिया।

निगम की टीम पहुंची, सुधार नहीं किया
शनिवार को भी नगर निगम की टीम शास्त्रीनगर में पहुंची थी। पानी के तीन सैंपल शुक्रवार को लिए थे। पानी की शुद्धता की जांच करने के लिए नगर आयुक्त के निर्देश पर सैंपलों को लैब में भेजने की बात कही गई। प्राथमिक जांच में निगम टीम ने पानी को शुद्ध बताया है। अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार का कहना है कि पानी की सप्लाई के दौरान लीकेज की भी जांच करने के लिए जलकल की टीम लगा दी है।

टीपीनगर, ब्रह्मपुरी और लिसाड़ीगेट में आ रहा गंदा पानी
टीपीनगर के चंद्रलोक, गुप्ता कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, माधवपुरम, लिसाड़ीगेट सहित कई जगहों पर लोगों के घर गंदा पेयजल आने की पार्षदों ने शिकायत की है। जहां डायरिया या अन्य बीमारी होने के लक्षण बताकर लोगों ने निगम में शिकायत की है। नगर निगम की लचर कार्यप्रणाली के प्रति लोगों में आक्रोश है। शहर में कई जगह जलभराव हो रहा है और मच्छर पनप रहे हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें