संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर में विजय दशमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव के दौरान शुक्रवार को विविध रामलीला मंचों और पर्दों पर प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र से जुड़े कई मर्मस्पर्शी व भव्य प्रसंगों का मंचन हुआ।
भगवान श्री रामलीला कमेटी द्वारा भूूड़ के मैदान में आयोजित लीला में जीवंत अभिनय कर रहे कलाकारों ने अशोक वाटिका में माता सीता व रावण के ओजस्वी संवाद, सीता-हनुमान आत्मीय वार्तालाप, विकराल लंका दहन का मंचन किया।
रामलीला एवं शिव मंदिर कमेटी गुड़ मंडी के तत्वावधान में पर्दे पर प्रदर्शित लीला में हनुमान द्वारा लंका दहन एवं विभीषण शरणागति के अलौकिक दृश्यों को देखकर दर्शक भक्ति भाव में लीन नजर आए। इसके साथ ही श्री आदर्श रामलीला कमेटी द्वारा तहसील के समीप स्थित मैदान में पर्दे के माध्यम से सुग्रीव से प्रभु राम की सुग्रीव से मित्रता और बाली वध के धर्मनिष्ठ प्रसंग का अत्यंत प्रभावपूर्ण प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की अमर प्रेरणा दी।