बारिश, थकान और छालों पर भारी भोलेनाथ की भक्ति, हाईवे पर हर कदम पर बम भोले की गूंज
मोहित कुमार
मोदीपुरम। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर आस्था की रफ्तार तेज हो गई है। दूर-दूर से हरिद्वार पहुंचे शिवभक्त गंगाजल लेकर अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। किसी के पैरों में छाले हैं, कोई बारिश में भीगा हुआ है लेकिन भोले की भक्ति इन सब पर भारी पड़ रही है। बोली और पंरपरा अलग होने के बावजूद शिवभक्ति में सब एक हैं।
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से आए शिवभक्त इस यात्रा में शामिल हैं। रास्ते अलग हैं, घर अलग हैं, भाषा और परंपरा भी अलग और जीवन की परिस्थितियां भी अलग हैं, लेकिन हाईवे पर पहुंचते ही शिवभक्ति में सब एक हो गए है। हजारों कदम एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं कि हरिद्वार से लाया गया गंगाजल अपने आराध्य भगवान शिव को अर्पित करना है।
थकान आई तो सहारा बने साथी
लंबे सफर में जब किसी शिवभक्त के कदम लड़खड़ाते हैं तो साथ चल रहे कांवड़िए उसका सहारा बन जाते हैं। कोई पानी पिला देता है, कोई कुछ देर कांवड़ थामने में मदद करता है। सावन की बारिश ने हाईवे पर मौसम को सुहाना जरूर किया, लेकिन कांवड़ियों के लिए सफर आसान नहीं हुआ। भीगे कपड़ों और फिसलन भरे रास्तों के बीच भी शिवभक्तों के कदम लगातार बढ़ते रहे।