ट्रेन में यात्रा के समय 112 पर करें कॉल, मिलेगी मदद
मेरठ। अगर आपको ट्रेन में यात्रा करते समय कोई दिक्कत हो तो 112 पर कॉल कीजिएगा। जीआरपी आपकी मदद के लिए तैयार है। ऐसा दावा एडीजी राजकीय रेलवे पुलिस पीयूष आनंद ने किया है। सिटी स्टेशन के थाने का निरीक्षण करने पहुंचे एडीजी ने महिला सहायता कक्ष, कंट्रोल रुम, बैरक, भोजनालय का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की साफ-सफाई और मालाखाना देखा। अधिकारियों और जवानों को ड्यूटी के प्रति सजग और सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा पर खास ध्यान देने को भी कहा। वहीं, ट्रेनों में गुमशुदा बच्चों को उनके अभिभावकों से मिलाने के लिए ऑनलाइन सिस्टम तैयार कर दिया गया है। सब-इंस्पेक्टर के मोबाइल पर एक एप डाउनलोड कराया गया है। इसमें हर शहर या गांव के दस गणमान्य व्यक्तियों के मोबाइल नंबर हैं जो वाट्सएप का उपयोग कर रहे हैं। इससे स्टेशन या ट्रेन में बच्चा मिलने पर इन लोगों को सूचना दी जाती है ताकि बच्चे को परिवार तक पहुंचाने में मदद मिले। निरीक्षण में उनके एसपी मुरादाबाद अपर्णा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।