दौराला (मेरठ)। थाना दौराला के गांव वलीदपुर स्थित एक ढाबा संचालक ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते करनावल निवासी जुनैद खान पर पांच लाख रुपये उधार लेकर न लौटाने और बहन के साथ मिलकर उसे हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। जुनैद की बहन नरगिस पर भी प्रलोभन देकर अश्लील फोटो-वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि जुनैद उनका मेरठ फ्रैंचाइजी का अकाउंटेंट था। 2024 में पिता के इलाज के नाम पर 5 लाख रुपये लिए, लौटाने का वादा भी किया। जुनैद ने उसे घर पर बुलाकर अपनी बहन नरगिस से मिलवाया। नरगिस ने इंस्टाग्राम पर उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और बातचीत करने लगी और होटल पर आकर भी मिली। आरोप लगाया कि एक साल पहले पीवीएस मॉल के पास जन्मदिन पार्टी के बहाने जुनैद ने उसे बुलाया। वहां नशीली दवाई मिला कर बीयर पिलाई और अश्लील वीडियो बनाए।
आरोप है कि ढाबे पर जुनैद ने 3 लाख का गबन भी किया, जिस पर उसने कुछ समय पहले जुनैद को नौकरी से निकाल दिया और अपने रुपये मांगे थे। रुपये मांगने पर जुनैद-नरगिस व परिवार ने इंकार कर दिया। धमकी दी कि वीडियो वायरल कर दुष्कर्म की फर्जी प्राथमिकी दर्ज करा देंगे। 13 जनवरी को नरगिस ने पीड़ित के साले ललित के मोबाइल पर धमकी भी दी। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।