मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू करने में जुटी रही पुलिस संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। देवोत्थान पर शहर में लगभग 600 विवाह समारोह का आयोजन किया गया। मंगलवार शाम से लेकर देर रात तक मुख्य मार्गों पर घुड़चढ़ी और बरात चढ़त हुई। खुशी में बराती सड़कों पर नाचते और झूमते दिखाई दिए। वाहनों और भीड़ का दवाब बढ़ने के कारण कई स्थानों पर जाम लग गया। इसके चलते वाहन सवार कई स्थानों पर जाम में फंस गए। देर तक उन्हें जाम से जूझना पड़ा। जाम के कारण कुछ स्थानों पर दूल्हा, बैंड-बाजा और बराती भी फंसे। यातायात सुचारू करने के लिए पुलिसकर्मी देर रात तक जूझते रहे। मंगलवार को जाम न लगे के लिए एसपी यातायात ने मंडप संचालकों के साथ बैठक की ली थी। इसके बावजूद दिल्ली रोड पर शाप्रिक्स मॉल के सामने लंबा जाम लग गया। यहां पर एक मंडप के बाहर देर तक बरात चढ़त के दौरान बराती नाचते रहे। एनएच-58 पर परतापुर से लेकर कंकरखेड़ा बाईपास तक जाम की स्थिति बनी रही। गढ़ रोड पर भी तेजगढ़ी चौराहे पर चढ़त के दौरान जाम जैसे हालात बने रहे। इसके अलावा भी शहर में कई मुख्य मार्गों पर जाम लगने से लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ी।
विज्ञापन
रेलवे रोड पर कनोहर लाल कॉलेज के सामने चढ़त चढ़ रही थी। जिसके चलते यहां पर लंबा जाम लग गया। लोगों ने रेलवे रोड पुलिस को फोन करके जाम खुलवाने के लिए कहा। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। कंकरखेड़ा बाईपास पर कई मंडप बने हुए है। यहां पर काफी संख्या में लोग शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे, जो जाम में फंस गए। यहां से आगे बढ़े तो राेहटा फ्लाईओवर के पास भीषण जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वैवाहिक समारोह और बरात चढ़त के दौरान एनजीटी के आदेशों को दरकिनार कर कई जगह पर आतिशबाजी की गई। पुलिस और मंडप संचालक भी आतिशबाजी नहीं रोक पाए। एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि बड़ा वैवाहिक मुहुर्त होने के कारण कुछ जगह यातायात धीमी गति से चला। जाम लगाने से रोकने के लिए कई स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए थे, उन्होंने अधिक देर जाम नहीं लगने दिया।