रेलवे रोड स्थित बड़ी मांसाबिया में अलविदा जुमे की नमाज अदा करते आकीदतमंद में।
- मस्जिदों के बाहर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान रहे तैनात
- ड्रोन कैमरों से की गई निगरानी, डीएम-एसएसपी ने किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। अलविदा जुमे की नमाज जिले की सभी मस्जिदों में शांतिपूर्ण ढंग से कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। वक्फ संशोधन बिल के विरोध में अकीदतमंद काली पट्टी बांधकर मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। कुछ जगह पुलिस ने लोगों को रोककर काली पट्टी हटवा दी। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। डीएम वीके सिंह और एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने फोर्स के साथ संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया।
अलविदा जुमे की नमाज के लिए जिले में अलर्ट घोषित किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने सड़क पर नमाज पढ़ने वालों के पासपोर्ट निरस्त करने के निर्देश जारी किए थे। सुरक्षा की दृष्टि से सभी मस्जिदों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को भी लगाया गया। इसके अलावा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस लगातार गश्त करती रही। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी गई। एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर और डीआईजी कलानिधि नैथानी भी हालात पर नजर बनाए रहे। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि जिले की सभी मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। अब ईद की नमाज भी शांतिपूर्ण हो, इसके लिए पुलिस ने तैयारी शुरु कर दी हैं।
रेलवे रोड स्थित बड़ी मांसाबिया में अलविदा जुमे की नमाज अदा करते आकीदतमंद में।