केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू, कॉलेजों को 17 तक देना होगा उपलब्ध संसाधनों का ब्योरा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस वर्ष परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसके लिए आवेदन करने की तिथियां निर्धारित कर दी गई है।
यूपी बोर्ड के मेरठ कार्यालय के क्षेत्रीय सचिव ज्योति प्रसाद के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए विद्यालय अपने यहां उपलब्ध संसाधन युक्त सुविधाओं को प्रधानाचार्यों द्वारा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। इसकी अंतिम तिथि दस नवंबर है। 17 नवंबर तक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन डीएम द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति के माध्यम से कराया जाएगा। तहसील समितियों की संस्तुति सहित आख्या को जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से ऑनलाइन परिषद की वेबसाइट पर 24 नवंबर तक अपलोड करना होगा।
ऑनलाइन तरीके से चयनित परीक्षा केंद्रों (विद्यालय छात्र आवंटन सहित) की सूची जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अवलोकन के लिए 27 नवंबर तक अपलोड की जाएगी। उन्होंने बताया कि डिबार व मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई वाले विद्यालयों की सूची 28 नवंबर को पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी। ऑनलाइन चयनित केंद्र निर्धारण की सूची पर चार दिसंबर तक आपत्ति मांगी जाएगी। डीआईओएस द्वारा छात्रों, अभिभावकों व प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों से प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करके 11 दिसंबर तक ऑनलाइन अग्रसारित किया जाएगा। 30 दिसंबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।