उप गन्ना आयुक्त ने तीन क्रय केंद्रों पर तौल कांटों की जांच की
लावड़। घटतौली की आशंका को देखते हुए बृहस्पतिवार को उप गन्ना आयुक्त ने जिला गन्ना अधिकारी के साथ तीन क्रय केंद्रों पर आकस्मिक निरीक्षण के दौरान तौल कांटों की जांच की। इसमें सब कुछ ठीक पाया।
उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्र व जिला गन्ना अधिकारी दुष्यंत कुमार ने लावड़-ए, भगवानपुर व जलालपुर सी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपने सामने गन्ने से लदी भैंसा बुग्गी व ट्रैक्टर ट्रॉली की तौल कराई। जांच में कांटे सही पाए गए। उन्होंने वहां मौजूद किसानों को बताया कि कृषि भूमि को अधिक उपजाऊ बनाने के लिए गन्ने की फसल व अवशेष न जलाकर उन्हे ंमल्चर मशीन की सहायता से जमीन में मिला दें तथा खाद बना लें। जिला गन्ना अधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि चीनी मिल द्वारा क्रय केंद्र पर समुचित व्यवस्था की गई है। ई गन्ना एप पर जारी पर्ची का समय तौल तिथि से 72 घंटे का होता है। इसके बाद पर्ची स्वत: रद्द हो जाती है। इस दौरान सचिव प्रदीप, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमर प्रताप, गन्ना प्रबंधक जेपी तोमर, जोनल इंचार्ज अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।