देवबंद की गांधी कॉलोनी में बरात में कहासुनी को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इसमें महिला सहित 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी।
विज्ञापन
गांधी कॉलोनी निवासी जगदीश की पुत्री मोहिनी की शादी शशिनगर निवासी जीत के पुत्र सागर के साथ तय हुई थी। सोमवार को सागर की बरात गांधी कॉलोनी में पहुंची।
इसी दौरान बरात में शामिल कुछ लोगों की मोहल्ले के ही युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे लेकर एक दूसरे पर हमलावर हो गए। इस में शिवम, सुभाष, ममता, फोंदा, राजन, राहुल, बंटी,बुच्चा, पप्पू, रिंकू और बाबू घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। एक पक्ष के राहुल और दूसरे पक्ष की अंजिता ने पुलिस को तहरीर देकर एक दूसरे पर शराब के नशे में मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कहा दोनों पक्षों की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।