डेंगू के 15 मरीज़ और मिले
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जिले में डेंगू फैलता जा रहा है। लोग बुखार से तप रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। शुक्रवार को डेंगू के 15 नए मरीज़ मिले। यही साल एक दिन में मिले मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है।
ये मरीज़ अब्दुल्लापुर, ब्रह्मपुरी, दौराला, जयभीमनगर, लल्लापुरा, मकबरा डिग्गी, पल्हेड़ा, साबुन गोदाम, मलियाना, तारापुरी, तहसील, मवाना, राजेन्द्र नगर और साबुन गोदाम आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इस साल अब तक डेंगू के 675 मरीज़ मिल चुके हैं। देहात क्षेत्र से डेंगू से मरीजों की मौत की भी सूचनाएं आ रही हैं, हालांकि स्वास्थ्य विभाग इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार दावा कर रहे हैं की स्थिति नियंत्रण में है।
मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ अशोक तालियान ने बताया कि एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज और पीएल शर्मा जिला अस्पताल में डेंगू वार्ड बनाए गए हैं। लोगों की जांच और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था है। सीएमओ डॉ अखिलेश मोहन ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। घर या आसपास पानी भरा न रहने की सलाह दी है।