62965 घरों का हुआ सर्वे, बुखार से तपते मिले 306 लोग
मेरठ। स्वास्थ्य विभाग की 1242 टीमों ने मंगलवार को घर-घर भ्रमण कर 62965 घरों का सर्वे किया। इनमें 479 लोग बीमार मिले, जिनमें 306 लोग बुखार से पीड़ित थे। 158 को सर्दी-जुकाम था। बाकी को पेट दर्द, सर्द लगना और वजन कम होने आदि की शिकायतें थीं। बुखार से पीड़ित लोगों की कोरोना, डेंगू और मलेरिया की जांच कराई जाएगी। इनके अलावा 45 साल से अधिक उम्र के 9905 लोग ऐसे मिले, जिन्होंने कोरोना से बचाव की वैक्सीन नहीं लगवाई है, 753 गर्भवती महिलाएं और दो साल तक के 2092 बच्चों ने रूटीन टीकाकरण नहीं कराया है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान ने बताया कि सात से 16 सितंबर तक घर-घर जाकर सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को अभियान का पहला दिन था। 12 ब्लॉक और 24 शहरी क्षेत्रों में सर्वे किया जा रहा है। इस दौरान सात लाख 55 हजार घरों का सर्वे करना है। इसमें कोरोना, मलेरिया, टीबी और चिकनगुनिया के मरीजों का चिन्हीकरण किया जाएगा। इसके अलावा नियमित टीकाकरण से वंचित दो साल से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं कोरोना से बचाव का टीका न लगवाने वाले 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का भी चिन्हीकरण किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए जिला मलेरिया अधिकारी की टीमें फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे कर रही हैं। इस संबंध में 6 सितंबर को विकास भवन सभागार में कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया था। मेडिकल कालेज में आईएमए एवं नर्सिंग होम एसोसिएशन के चिकित्सकों के साथ कार्यशाला की गई और टाउन हॉल में नगर निगम, पंचायती राज विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया था।
तीन नए मरीज मिले, 16 हुए सक्रिय केस
मेरठ। डेंगू का हमला जारी है। मंगलवार को डेंगू के तीन नए मरीज मिले। जिले में अब तक 33 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 16 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 17 मरीज ठीक हो चुके हैं।
जो मरीज मिले हैं वह श्याम नगर, सूर्य कॉलोनी और मवाना क्षेत्र के अस्सा के रहने वाले हैं। इससे पहले जो मरीज मिले हैं वे जानी, मलियाना, रजबन, सरूरपुर, लल्लापुरा, कंकरखेड़ा, लालकुर्ती और जाहिदपुर आदि के रहने वाले हैं। जहां जहां मरीज मिल रहे हैं, वहां वहां मलेरिया विभाग एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग करा रहा है। साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वह घर में या अपने आसपास पानी ना भरने दें। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए पानी भरा रहने पर मच्छर पनपने का खतरा रहता है। बारिश का मौसम है और इसमें घरों में जगह-जगह पानी भर जाता है, जिसमें डेंगू फैलाने वाले मच्छर पनप जाते हैं। लिहाजा एहतियात बरतें।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ अशोक तालियान का कहना है कि डेंगू रोग का प्रारंभिक उपचार नहीं लेने एवं लापरवाही बरतने पर प्लेटलेट्स की शरीर में कमी हो जाती है। लिहाजा सावधानी जरूरी है। लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
5369 सैंपलों की जांच में कोरोना का एक मरीज मिला
मंगलवार को 5369 सैंपलों की जांच हुई। इनमें कोरोना का एक मरीज मिला है। सक्रिय केस 6 हैं। इनमें से चार अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दो होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 66009 लोगों को कोरोना की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 65162 की छुट्टी हो चुकी है। ब्लैक फंगस के अब तक कुल 348 मरीज मिल चुके हैं। 321 लोगों की छुट्टी हो चुकी है। कोई सक्रिय केस नहीं है। 27 की मौत हो चुकी है।