मेरठ। डेंगू का हमला जारी है। बुधवार को डेंगू के 15 नए मरीज मिले हैं। इस साल अब तक मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की लैब में 157 मरीजों को डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 119 मरीज मेरठ जिले के हैं और बाकी आसपास के जिलों के हैं।
नए मरीजों में 11 साल की बच्ची से लेकर 70 साल के वृद्ध तक शामिल हैं। इनका मेडिकल और जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें 10 मरीज मेरठ के हैं, जो मुंडाली, विकासपुरी, रेलवे रोड, इस्लामाबाद, जाकिर कॉलोनी, सरधना, रोहटा रोड, कंकरखेड़ा आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनके अलावा एक-एक मरीज मुजफ्फरनगर, रामपुर, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत जिले के रहने वाले हैं। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अभी कई दिन की छुट्टी के बाद सरकारी लैब खुली हैं, जिनमें कुछ सैंपल पुराने भी थे। उम्मीद की जा रही है कि अब डेंगू के मरीज कम होंगे। दीपावली के पटाखों से फैला प्रदूषण खतरनाक है, लेकिन इसके साथ ही इसके धुएं से मच्छर भी मरते हैं।