माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की बैठक रविवार को खैरनगर में महामंत्री कार्यालय में हुई। आगरा में पकड़ी गई नकली दवाओं और बार-बार सैंपल फेल होने पर चिंता जताई गई।
कोषाध्यक्ष मोइनुद्दीन गुड्डू ने नकली दवा बनाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उपाध्यक्ष राजीव ग्रोवर ने कहा कि जब तक दोषियों को कठोर सजा नहीं मिलेगी, ऐसे मामले रुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने नए लाइसेंस पर रोक लगाने की बात कही। महामंत्री रजनीश कौशल ने बताया कि मंडल आयुक्त को ज्ञापन देकर सभी औषधि लाइसेंस की सूची सार्वजनिक करने की मांग की जा चुकी है। उन्होंने लोगों से बिना बिल दवा न खरीदने, बैच नंबर और एक्सपायरी जांचने की अपील की। इसके साथ ही बताया कि एमआरपी में जीएसटी शामिल है, अतिरिक्त टैक्स न दें। इस दौरान सुनील अग्रवाल, मनोज शर्मा और हेमंत बंसल आदि मौजूद रहे।