हस्तिनापुर। क्षेत्र के कई गांवों के किसानों ने विद्युत कट और जर्जर तारों से परेशान होकर अधिशासी अभियंता को शिकायत पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है।
निडावली फीडर की वर्षों पुरानी विद्युत लाइन जर्जर होने से आए दिन तार टूटने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने के चलते क्षेत्र के गांव सैफपुर कर्मचंदपुर, पाली, नंगला चांद एवं इकवारा आदि के योगेश, काले, सचिन, कवरपाल, रामबीर, श्याम सिंह, इरफान अनुज आदि किसानों ने अधिशासी अभियंता को शिकायत पत्र देते हुए समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि निडावली फीडर की दर्जनभर से अधिक गांवों को विद्युत सप्लाई करने वाली मैन लाइन वर्षों पुरानी व जर्जर होने के कारण आए दिन तार टूट जाते हैं और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। इस कारण जानमाल का खतरा बना रहता है।
उपकेंद्र पर अवर अभियंता व लाइनमैन से बात की तो उनके द्वारा अवगत कराया गया कि वर्ष 2023 में ही उपकेंद्र से लेकर सैफपुर तक एवं विदुर कुटी से लेकर सागरमल की ट्यूबवेल तक तार बदलने का प्राक्कलन खंड कार्यालय मवाना को प्रेषित कर दिया गया है। खंड कार्यालय पर जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि जनवरी 2024 में ही संबंधित ठेकेदार को विद्युत भंडार केंद्र मेरठ से सामग्री निर्गत कर दी गई है, परंतु आज तक कोई तार नहीं बदला गया है। इस कारण तार बार-बार टूट रहे हैं। इससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। किसानों ने कहा कि 11 केवी के विद्युत उपखंड केंद्र निडावली की जर्जर लाइन को बदलवाने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित दिए जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्युत आपूर्ति सही ढंग से न हो पाने के कारण उनकी फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है।