27 जुलाई को एक्स अभियान, 7 अगस्त को संसद मार्च में भागीदारी का आह्वान
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बीएसएनएल को-ऑर्डिनेशन कमेटी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को मेरठ में कर्मचारियों, पेंशनरों एवं संविदा कर्मियों की पेंशन, छटनी पर रोक लगाते समेत लंबित मांगों के समर्थन में तीन दिवसीय धरना शुरू हो गया।
धरने में पश्चिम उत्तर प्रदेश बीएसएनएल एम्प्लॉइज यूनियन परिमंडल अध्यक्ष कामरेड अंसार अली विशेष रूप से मौजूद रहे। सचिव अश्विन कुमार ने कहा कि एक जनवरी 2017 से तीसरे वेतन संशोधन तथा बीएसएनएल पेंशनरों के पेंशन संशोधन को लागू करने के लिए अफोर्डेबल क्लॉज में आवश्यक शिथिलता दी जाए। उन्होंने संविदा कर्मियों की छंटनी पर रोक लगाने, न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने तथा कैजुअल लेबर एवं टीएसएम कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतनमान देने की भी मांग उठाई।
जिला सचिव नरेश पाल ने केंद्रीय नेतृत्व द्वारा घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कर्मचारियों, पेंशनरों और संविदा कर्मियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 22 से 24 जुलाई तक चलने वाले तीन दिवसीय धरने, 27 जुलाई को आयोजित होने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स अभियान तथा 7 अगस्त को प्रस्तावित संसद मार्च को सफल बनाने का आह्वान किया।