रोडवेज अनुबंधित बस ट्रांसपोर्टर्स ने आरएम रोडवेज को लिखा पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। एनएच 58 पर शोभापुर पुलिस चौकी के निकट रोडवेज बसों का स्टॉप बनवाने की मांग शुरू हो गई है। इस संबंध अनुबंधित बस ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स ने रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखा है।
मेरठ, बागपत- बड़ौत के लिए रोडवेज की अनुबंधित बसें चलती हैं। भैंसाली रोडवेज बस अड्डे के बाद बसों को एनएच 58 पर शोभापुर पुलिस चौकी के पास से यात्री मिलते हैं। अनुबंधित बस ऑपरेटर्स का आरोप है कि पुलिस के संरक्षण में पुलिस चौकी से सैकड़ों डग्गामार वाहन चलते हैं। जिससे परिवहन निगम की बसों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अनिल तोमर का कहना है कि कई बार पुलिस अधिकारी और परिवहन निगम के अधिकारियों को लिखित में शिकायत करके डग्गामार वाहनों को बंद कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
इनका कहना है कि यदि शोभापुर पुलिस चौकी पर बस स्टॉप बनाकर परिवहन निगम का बोर्ड लग जाएगा तो यात्रियों को रोडवेज बसों में यात्रा करने का एक उचित स्थान मिलेगा। साथ ही परिवहन निगम की अनुबंधित बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी का कहना है कि शोभापुर में बस स्टॉप बनाने के लिए बस ऑपरेटर्स ने मांग की है। एआरएम को स्थलीय निरीक्षण करके रिपोर्ट देने के लिए कहा है।