कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर परिजन बोले- आरोपी दे रहे धमकी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र से अनुसूचित जाति की छात्रा के अपहरण कर हत्या के मामले में पीड़ित परिवार ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। आरोप है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद छात्रा की हत्या की गई थी। पुलिस ने एक आरोपी अंकुश को गिरफ्तार किया था। अन्य आरोपी पीड़ित परिवार को धमकी दे रहे हैं। परिजन व अन्य लोगों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
परिजनों ने बताया कि बीए अंतिम वर्ष की छात्रा 15 मई को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। इसकी गुमशुदगी टीपीनगर थाने पर दर्ज कराई गई थी। 17 मई को थाना रोहटा क्षेत्र के उकसिया गांव के जंगल में छात्रा का शव मिला था। उसकी पहचान मिटाने के लिए चेहरा व हाथ जलाने की कोशिश की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी।
आरोप है कि एक अन्य आरोपी हनी उर्फ निशांत और तीन अज्ञात व्यक्तियों ने पीड़िता के पिता को धमकी दी। उन्होंने छात्रा की हत्या में शामिल होने की बात कहते हुए दूसरी बेटी को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। परिजन ने पहले भी निशांत व अंकित पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया था। परिजन का कहना है कि अंकित पुलिस में तैनात है। वह जांच प्रभावित कर रहा है।
एसआईटी से जांच और बुलडोजर चलाने की मांग
पीड़ित परिवार ने मांग की है कि अंकित और हनी उर्फ निशांत को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाया जाए। पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा और आर्थिक सहायता, शस्त्र लाइसेंस और कृषि भूमि का पट्टा दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। वरिष्ठ अधिकारी और एसआईटी गठित कर जांच कराई जाए और सुनवाई फास्ट ट्रैक न्यायालय में कराई जाए।
आरोपी को जेल भेजा, धारा भी बढ़ाई
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस मामले में कल्याणपुर गांव निवासी आरोपी अंकुश को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उसी के खिलाफ साक्ष्य मिले थे। प्राथमिकी में एससी एसटी एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। जांच जारी है। जांच व साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।