मेरठ। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन में किसान दिवस की बैठक हुई। इस दौरान किसानों ने भूनी टोल प्लाजा का मुद्दा भी बैठक में उठाया। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने भूनी टोल प्लाजा को इसी मार्ग पर 8 किमी आगे बपारसी में शिफ्ट करने की मांग की। इसके अलावा विभिन्न किसान संगठनों की ओर से बैठक में कुल 110 शिकायतों को रखा गया। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई किसान दिवस की बैठक में किसान संगठनों ने कई विभागों के अधिकारियों के बैठक में न पहुंचने पर नाराजगी जताई। जिसके बाद डीएम ने अधिकारियों को बैठक में पहुंचने के निर्देश दिए। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में किसान पहुंचे। इस दौरान उनकी ओर से अधिकारियों को बिजली, सिंचाई, सड़क निर्माण आदि से संबंधित 25 शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया गया। उन्होंने 33 ज्ञापन अधिकारियों को सौंपे। इस दौरान उन्होंने सदर तहसील का क्षेत्र छोटा करते हुए जानी को तहसील बनाए जाने की मांग की भी रखी।
इस दौरान भाकियू अराजनीतिक, भाकियू क्रांति आदि किसान संगठनों के सदस्यों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। पिछले किसान दिवस में आई 16 शिकायतों की आख्या भी पढ़कर सुनाई गई। इस दौरान ग्राम आजमपुर विकासखंड रोहटा में लगी चमड़ा फैक्ट्री के गंदे पानी की निकासी के निस्तारण से संबंधित आख्या का गुणवत्तापरक समाधान न होने तथा पूर्ण संतुष्टि ना प्रदान करने पर जिलाधिकारी द्वारा उन्हें फिर से प्रदूषण विभाग को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। किसानों द्वारा मुख्यतः बिजली विभाग, प्रदूषण विभाग और गन्ना विभाग से संबंधित शिकायतें की गई। कुल 110 शिकायत प्राप्त हुई जिनको जिलाधिकारी के माध्यम से सभी संबंधित विभागों को भेजा गया। इस दौरान सीडीओ नूपुर गोयल, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।
बिजली समस्याओं को लेकर मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे किसान
मेरठ। किसान दिवस की बैठक के बाद भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में किसान मुख्य अभियंता जोन-2 गुरजीत सिंह के कार्यालय पहुंच गए। यहां मुख्य अभियंता के वीसी में होने के कारण किसान नीचे ही बैठ गए। इसके बाद मुख्य अभियंता ने उन्हें सभागार में बिठाया। इस दौरान किसानों ने अधिकारियों को अपनी बिजली समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने स्मार्ट मीटर, बिजली बिल गड़बढ़ी, क्षमतावृद्धि आदि से संबंधित आठ समस्याएं मुख्य अभियंता के सामने रखी। उन्होंने 10 दिनों में सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर सत्यवीर, भोपाल, सुनील, विनेश, राजकुमार , प्रिंस, मुकेश, हर्ष चहल आदि मौजूद रहे।