छात्र संघ के पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने कुलपति को पत्र भेजकर उठाई मांग
दीक्षांत समारोह से पहले विवि की वेबसाइट पर रिकॉर्ड रखने का अनुरोध किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 22 जुलाई को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियों के बीच मेधावी छात्रों के रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने की मांग उठी है। छात्र संघ के पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर स्वर्ण पदक विजेताओं (गोल्ड मेडलिस्ट्स) विद्यार्थियों के लिए एक विशेष डिजिटल गैलरी बनाने का अनुरोध किया है।
अंकित अधाना ने कहा कि इस समर्पित सेक्शन में प्रत्येक वर्ष के स्वर्ण पदक विजेताओं के नाम, फोटो, पाठ्यक्रम तथा उनकी उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि यह व्यवस्था केवल वर्तमान वर्ष तक सीमित न रहकर भविष्य के लिए भी स्थायी रिकॉर्ड के रूप में संरक्षित की जाए, जिससे विश्वविद्यालय के पास हर वर्ष के टॉपर्स का एक डिजिटल इतिहास उपलब्ध रहे।
उन्होंने सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी विश्वविद्यालय का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां की वेबसाइट पर स्वर्ण पदक विजेताओं के नाम और फोटो के लिए अलग से स्थायी सेक्शन बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य विश्वविद्यालयों में भी मेधावी छात्रों का विवरण डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने की व्यवस्था लागू है। 22 जुलाई को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में अब बहुत कम समय शेष है, इसलिए विश्वविद्यालय की तकनीकी एवं आईटी टीम को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि समारोह से पहले यह डिजिटल गैलरी शुरू की जा सके।