संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील क्षेत्र के कस्बा खिवाई में संचालित सरकारी राशन की दुकान को लेकर कस्बावासियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उपजिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर राशन डीलर की एजेंसी निरस्त करने की मांग की है।
कस्बावासियों का आरोप है कि राशन की दुकान अनुसूचित जाति की महिला मीरा के नाम पर आवंटित है। दुकान का संचालन गांव के कुछ लोग नियमों के विरुद्ध कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि महिला मजदूरी करती है और उसे दुकान संचालन की जानकारी तक नहीं है। कस्बावासियों ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक कार्डधारकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और विरोध करने पर धमकी देते हैं।
शिकायत में कहा कि संचालक अधिकारियों को पैसे देने की बात कहकर लोगों को डराते हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार पहले भी शिकायतों के चलते उक्त राशन की दुकान निलंबित की जा चुकी है लेकिन इसके बावजूद अनियमितताएं जारी हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि हाल ही में हुई जांच में भी बड़ी संख्या में कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए थे लेकिन अब तक एजेंसी निरस्त नहीं की गई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि राशन डीलर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर एजेंसी निरस्त की जाए ताकि कार्डधारकों को पूरा राशन मिल सके और उनके साथ अन्याय न हो। इस संबंध में गुलाब, चंद्रपाल, जितेंद्र, जुगनू, भोपाल, ताहिर, यामीन समेत अन्य कस्बावासियों ने एसडीएम से कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नायब तहसीलदार को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।