- मांग के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, बोले- आवागमन में होगी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। गांव हंसापुर के बाहर बाईपास सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान फ्लाईओवर बनाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बिना फ्लाईओवर सड़क बनने से आवागमन में भारी परेशानी होगी। इससे हर समय सड़क हादसों का खतरा बना रहेगा।
गांव के बाहरी हिस्से में बाईपास सड़क का कार्य तेजी से चल रहा है। ग्रामीणों को पता चला कि मुख्य क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर प्रस्तावित नहीं है। बुधवार को बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर निर्माण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार्यदायी संस्था और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने मौके पर चल रहे काम को बंद करा दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने बताया कि गांव से रोजाना स्कूली बच्चे, किसान और आम नागरिक गुजरते हैं। यदि इस प्रमुख स्थान पर फ्लाईओवर या अंडरपास नहीं बना तो सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ेगी। गांव का मुख्य संपर्क मार्ग भी बुरी तरह प्रभावित होगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि लिखित आश्वासन न मिलने तक काम शुरू नहीं होने देंगे।
हंगामे की सूचना पर ठेकेदार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। ठेकेदार ने उच्च अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे मौके पर आकर स्थिति का जायजा लेने का आश्वासन दिया है।
इस दौरान महेंद्र सिंह, राकेश जैनर, विनोद जैनर, दिनेश जैनर, बृजेश जैनर, बॉबी, संजीव कुमार, गिरिराज प्रधान, यतेंद्र सिंह, श्यामवीर सिंह और रणवीर सिंह गुर्जर सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि बृहस्पतिवार की वार्ता में सहमति न बनी तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।