कोरोना के मद्देनजर मेरठ से जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए 15 सैंपलों की रिपोर्ट दिल्ली की लैब से मिल गई है, इनमें से 13 सैंपलों में डेल्टा वैरिएंट मिला है। दो सैंपलों की रिपोर्ट में निरर्थक लिखा हुआ आया है।
कोरोना की दूसरी लहर में डेल्टा वैरिएंट ने कोहराम मचाया था। इसके बाद अब डेल्टा प्लस वैरिएंट के भी उत्तर प्रदेश के दो जिलों में मरीज मिले थे, जिसके बाद अलर्ट किया गया है कि कहीं यह वैरिएंट भी तो पैर नहीं पसार रहा है। इस बारे में जानकारी करने के लिए कोरोना के मरीजों के सैंपल मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब से जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए दिल्ली की लैब में भेजे जाते हैं। मेरठ से 150 से ज्यादा सैंपल भेजे जा चुके हैं, जिनमें अभी तक 15 सैंपलों की रिपोर्ट आई है।
सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि जून माह में जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए सैंपल भेजे गए थे। किसी में नए वैरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। आगे भी जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए सैंपल भेजे जाते रहेंगे। इन दिनों कोरोना की तीसरी लहर को लेकर खतरा बना हुआ है।