संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। ऑनलाइन दही मंगाना एक मैस संचालक को महंगा पड़ गया। खराब दही की शिकायत करने पर डिलीवरी ब्वॉय ने अपने साथियों के साथ मिलकर मैस संचालक और उसके बड़े भाई के साथ मारपीट कर दी। मामले में पल्लवपुरम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कंकरखेड़ा के दीवान चंद्र एंक्लेव निवासी शिवा चौधरी विवेकानंद छात्रावास में मैस चलाते हैं। शिवा ने मैस के लिए ऑनलाइन दही ऑर्डर की थी। डिलीवरी मिलने पर जांच करने पर दही खराब निकली। उन्होंने एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कर रिफंड की मांग की। आरोप है कि शिकायत किए जाने से नाराज डिलीवरी ब्वॉय ने मौके पर ही अभद्रता शुरू कर दी और शिवा व उनके बड़े भाई से गाली.गलौज करने लगा। हॉस्टल के अन्य छात्र बाहर आ गए जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद डिलीवरी ब्वॉय अपने कई साथियों के साथ दोबारा हॉस्टल पहुंच गया। हॉस्टल गार्ड ने उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। आरोपियों ने हंगामा करते हुए धमकी दी और वहां से भाग गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अंकुश और उसके अन्य साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।