परतापुर। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर एक बार फिर परतापुर बाईपास पर रूट डायवर्ट कर दिया गया है। अब बाईपास के दोनों ओर से आने जाने वाले वाहन पहले की तरह पुराने मार्ग से आ जा सकेंगे। बाईपास पर वाटर पार्क के सामने पुलिया निर्माण के कार्य के चलते यह व्यवस्था की गई है। ऐसे में सर्विस रोड पर भी वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है।
एक्सप्रेसवे पर मेरठ से डासना तक 32 किमी मार्ग पर 80 प्रतिशत काम लगभग पूरा हो चुका है। वहीं बहादुरपुर अंडरपास से मुरादाबाद गांव तक भी काम पूर्ण हो चुका है। अब बहादुरपुर अंडरपास से इंटरचेंज तक मिट्टी के भराव का कार्य किया जा रहा है। निर्माणकर्ता कंपनी जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के इंजीनियरों का कहना है कि मिट्टी मिलने में देरी के कारण कार्य में देरी हो रही थी, लेकिन सोमवार रात मिट्टी मिलने के बाद काम को रफ्तार दे दी गई है। अब मिट्टी भराव का काम पूरा होने के बाद जल्द ही दूसरे अंडरपास को खोलने का काम किया जाएगा। वहीं बाईपास स्थित वाटर पार्क के सामने बने रजबहे पर पुलिया निर्माण का कार्य भी शुरू किया जाएगा, जिसके लिए सर्विस रोड को बंद करते हुए बुधवार को दिल्ली से देहरादून आने जाने वाले वाहनों को पुराने मार्ग पर डायवर्ट कर दिया जाएगा।