किसान क्रांति पदयात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली-देहरादून हाईवे पर यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए थे, लेकिन हजारों किसानों ने जैसे ही खतौली से मेरठ की सीमा में प्रवेश किया तो हाईवे पर जाम लगता चला गया। ट्रैफिक पुलिस ने आठ किमी तक वनवे व्यवस्था की थी।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में 23 सितंबर से हरिद्वार से किसान क्रांति पदयात्रा एनएच-58 पर चल रही है। शुक्रवार को पदयात्रा ने खतौली की सीमा से मेरठ की सीमा में प्रवेश किया तो पुलिस अफसरों ने हाईवे वनवे करा दिया। वहीं सड़क के दूसरी तरफ वाहनों का आवागमन था। यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी, एसपी सिटी रणविजय सिंह, सीओ पंकज सिंह, सीओ यूएन मिश्र, टीआई सुनील कुमार, टीएसआई नदीम खान समेत ट्रैफिक पुलिस भी लगाई गई थी। पदयात्रा में हजारों की संख्या में भाकियू कार्यकर्ता, किसान, और सैकड़ों ट्रैक्टर ट्राली भी शामिल हैं।