- जर्जर सड़क पर प्रतिदिन हो रहे हादसे
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। नया गांव से मखदूमपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में देरी के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 22 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर पिछले तीन माह से खुदाई का कार्य चल रहा है, जिससे सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं।
क्षेत्र के गांव तारापुर निवासी सरदार सुंदर सिंह, जज सिंह, गुरप्रीत सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से 15 दिसंबर 2025 को सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया गया था। इसके तहत सड़क के दोनों ओर खुदाई कर चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई लेकिन अब तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है। करीब तीन महीने बीतने के बावजूद केवल साइड की खुदाई ही चल रही है, जिससे सड़क पर गड्ढे और उबड़-खाबड़ स्थिति बन गई है। यह मार्ग करीब दो दर्जन गांवों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है।
ग्रामीणों को शिक्षा, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण उनके वाहनों में भी लगातार टूट-फूट हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक न तो सड़क निर्माण में तेजी लाई गई और न ही अस्थायी रूप से सड़क को दुरुस्त कराया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी और प्रशासनिक अधिकारी इस समस्या से अनजान बने हुए हैं। लोगों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और हादसों पर भी रोक लग सके।
समस्या का जल्द कराया जाएगा समाधान
सड़क चौड़ीकरण के मामले में संबंधित ठेकेदारों द्वारा अगर देरी की जा रही है तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से जल्द ही इस संबंध में बात की जाएगी और समस्या का समाधान किया जाएगा। -संतोष कुमार, एसडीएम, मवाना