सोतीगंज में अबरार व एहसान के गोदाम पर देहरादून पुलिस का छापा
मेरठ। देहरादून पुलिस ने बृहस्पितवार को सोतीगंज में गैंगस्टर के आरोपी हाजी इकबाल के बेटे अबरार कबाड़ी के रविंद्रपुरी स्थित गोदाम पर छापा मारा। पुलिस को जानकारी हुई कि वह जेल में बंद है। इसके बाद मोहम्मद एहसान कबाड़ी के भी छापेमारी की। हालांकि पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। इस कार्रवाई के दौरान सदर बाजार पुलिस भी देहरादून पुलिस के साथ रही।
देहरादून से चोरी और लूट के वाहनों का कटान अबरार कबाड़ी और मोहम्मद एहसान और उनके गुर्गों द्वारा रविंद्रपुरी में किया जा रहा था। इस मामले में देहरादून की क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। आरोपी के गैर जमानती वारंट लेकरआमद दर्ज कराने सदर बाजार थाने पहुंची। यहां से टीम सदर बाजार पुलिस के साथ सबसे पहले सोतीगंज पहुंची। टीम को पता चला कि अबरार कबाड़ी गैंगस्टर के मामले में जेल जा चुका है। इस पर पुलिस ने यहां नोटिस तामिल कर दिया। इसके बाद मोहम्मद एहसान कबाड़ी के यहां भी ताबड़तोड़ दबिश दी लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा। जिसके बाद टीम वापस लौट गई। देहरादून में मोहम्मद एहसान और अबरार कबाड़ी के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। देहरादून पुलिस भी पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल कर रही है। सदर बाजार पुलिस का कहना है कि अबरार कबाड़ी और मोहम्मद एहसान के यहां छापा मारा था। थाने में आमद दर्ज कराकर पुलिस छापा मारकर वापस लौट गई।