मेरठ क्रांति का शहर, शिक्षा और स्वास्थ्य में होगा आगे: डीएम
नवनियुक्त दीपक मीणा शनिवार को जिले का चार्ज लेंगे। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि मेरठ न केवल क्रांति का शहर है, बल्कि आज भी काफी संवेदनशील माना जाता है। उनकी प्राथमिकता इस बढ़ते हुए शहर को और आगे बढ़ाने की होगी।
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि वह आज देर रात तक मेरठ पहुंचेंगे और शनिवार सुबह चार्ज लेंगे। जिलाधिकारी ने अपनी प्राथमिकता गिनाते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही सरकारी योजनाओं और परियोजनाओ को धरातल पर उतारने की रहेगी। शिक्षा और स्वास्थ्य पर काम किया जाएगा। जो परियोजना चल रही है उन्हें समय से पूरा कराया जाएगा।
मेरठ से है पुराना नाता
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मेरठ से पुराना नाता बताया। कहा कि आईएएस की तैयारी के समय वह दो महीने मेरठ में ही रहे थे। चयन होने के बाद भी दोस्तों के पास आना-जाना बना रहा। वह यहां सूरजकुंड क्षेत्र में रहे। उन्हें मेरठ की गजक और रेवड़ी बेहद पसंद हैं।
मेरठ के पहले जिलाधिकारी के बालाजी को भी प्रतीक्षारत कर दिया गया है। उनके स्थान पर सिद्धार्थनगर के डीएम दीपक मीणा को मेरठ का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।बता दें कि के.बालाजी मेरठ में 13 सितंबर 2020 से तैनात थे। इस तैनाती के दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव, एमएलसी चुनाव कराए।
बताया गया कि के बालाजी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने शासन में फाइल लगाई है। इसलिए अभीप्रतीक्षारत रखा गया है।
नगर आयुक्त का भी तबादला
मेरठ के नगर आयुक्त का भी तबादला कर दिया गया है। नगर आयुक्त मनीष बंसल को संभल का जिलाधिकारी बनाया गया है।