गाजियाबाद के वैशाली फायर स्टेशन पर हैं तैनात
तीन मार्च को आग की घटना में बचाई थी लोगों की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम (मेरठ)। अपनी जान पर खेलकर आग में फंसे लोगों की जिंदगी बचाने वाले फायरमैन दीपक कुमार को गैलेंट्री मेडल मिलेगा। गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में आग की घटना को काबू करने और लोगों को सुरक्षित निकालने में दीपक ने साहस का परिचय दिया था। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेडल देने की घोषणा हुई है।
दौराला के पास स्थित इकलौता गांव निवासी दीपक कुमार पुत्र सुरेशपाल गाजियाबाद के वैशाली फायर स्टेशन पर बतौर फायरमैन तैनात हैं। दीपक के अनुसार आग की दुघर्टना 3 मार्च, 2026 को खोड़ा कॉलोनी में हुई थी। रात करीब 11 बजे फायर स्टेशन का अलार्म बजने से वह जागे थे। अग्निशमन की टीम फौरन मौके पर पहुंची। खोड़ा कॉलोनी में पार्किंग एरिया में वाहनों में आग लगी थी। आग ने एक बिल्डिंग को चपेट में ले लिया था। लोग मदद के लिए चीख रहे थे। गेट तोड़कर टीम अंदर दाखिल हुई। 27 लोग बेहोश हो चुके थे। फायर कर्मचारियों ने बेहोश लोगों को कंधे पर डालकर बाहर निकाला। दीपक कुमार चार लोगों को कंधे पर डालकर आग से बचाकर लाए थे। आग में एक दंपती समेत चार लोगों की जान चली गई थी। 160 लोगों की जान बचाने के लिए गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि उन समेत 10 दमकलकर्मियों को गैलेंट्री मेडल दिया जाएगा।