शैलेंद्र व आशुतोष की फाइल फोटो और अस्पताल में भर्ती मिथुन।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मंगलवार सुबह चालक को नींद की झपकी लगने पर ब्रेजा कार डिवाइडर से टकराकर दस फीट नीचे खाई में गिर गई। दौराला थाना क्षेत्र में सुबह सात बजे सकौती रेलवे ओवरब्रिज पर हुए हादसे में कार सवार दिल्ली करावल नगर निवासी तीन दोस्त नितेश शर्मा (27), शैलेंद्र (28) और आशुतोष कुमार मिश्रा (27) की मौत हो गई। जबकि उनका साथी मिथुन चौहान (31) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि चारों दोस्त मूल रूप से करावल नगर के रहने वाले थे, लेकिन नितेश शर्मा फिलहाल गाजियाबाद में लालबाग में रह रहा था। आशुतोष कुमार मिश्रा ने दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने के लिए शनिवार को जूमकार ऐप से ब्रेजा कार किराये पर ली थी। उनके अन्य दोस्त भी दूसरी कार से उनके साथ हरिद्वार गए थे, लेकिन वे सोमवार रात दिल्ली वापस लौट गए थे।
ब्रेजा कार में सवार चारों दोस्त मंगलवार सुबह हरिद्वार से लौट रहे थे। जैसे ही वह सकौती ओवरब्रिज पर पहुंचे तभी चालक को नींद की झपकी लगने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार का अगला टायर फट गया और कार दस फीट नीचे खाई में जा गिरी।
पीपल के पेड़ से टकराकर रुकी कार
कार खाई में एक पीपल के पेड़ से टकराकर रुक गई लेकिन ऊंचाई से गिरने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची दौराला थाना पुलिस ने कार सवारों को बाहर निकाला। हादसे में नितेश और शैलेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। आशुतोष और मिथुन को मोदीपुरम के फ्यूचर प्लस अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान आशुतोष की भी मौत हो गई। मोबाइल के सिम कार्ड से चारों की पहचान की गई। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी पर भेज दिए। सूचना पर मृतकों के परिजन भी यहां पहुंच गए।
डेढ़ घंटे तक हाईवे पर यातायात रहा बाधित
हादसे के बाद कुछ राहगीर व वाहन हाईवे पर रुक गए। कुछ देर बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को बाहर निकाला। इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। हालांकि एक साइड से धीमी गति से वाहन निकलते रहे। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम हाउस व घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद कार निकालकर यातायात सुचारू कर दिया गया था। हादसे की जांच की जा रही है। कार कौन चला रहा था, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। किसी ने इस मामले में तहरीर नहीं दी है।
ये भी देखें...
UP: अखिलेश यादव ने वृक्षारोपण को बताया भ्रष्टारोपण, सोशल मीडिया पर केपी मलिक ने पूर्व सीएम को दिया ये जवाब