कैपिटल हॉस्पिटल की लिफ्ट गिरने से करिश्मा की मौत उसकी दोनों बेटियों के जन्म के दिन हुई। बड़ी बेटी ईवा का भी 5 दिसंबर को जन्मदिन था। करिश्मा ने बेटी से वादा किया था कि बाबू के आने पर वह अस्पताल से वीडियो कॉल पर उससे बात करेगी। मासूम ईवा शाम तक मां की वीडियो कॉल का इंतजार करती रही। परिजनों से बार-बार मां के फोन के बारे में पूछती रही। करिश्मा बेटी को वीडियो कॉल नहीं कर पाई, उसकी लाश ही घर पहुंची।
करिश्मा मुंडाली थाना क्षेत्र के अट्टा गांव की गांव रहने वाली थी। वर्ष 2018 में उसकी शादी सेना की मेडिकल कोर में नर्सिंग असिस्टेंट अंकुश मावी से हुई थी। करीब डेढ़ साल बाद करिश्मा ने बेटी ईवा को जन्म दिया। ईवा के जन्म के बाद परिवार की खुशियां बढ़ गई थीं। करिश्मा अब फिर से गर्भवती हुई थी। पत्नी की डिलीवरी के लिए जम्मू-कश्मीर में तैनात अंकुश मावी छुट्टी लेकर घर आया हुआ था।
बृहस्पतिवार को करिश्मा को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल ले जाने लगे तो मासूम ईवा उसके पास पहुंच गई। करिश्मा ने बेटी को प्यार से दुलारते हुए कहा कि अब छोटा बाबू आने वाला है। जब छोटा बाबू आ जाएगा तो वह अस्पताल से वीडियो कॉल पर उसे दिखाएगी। इस पर ईवा ने खुशी से अपना सिर हिलाया। किसी ने सोचा भी नहीं था कि करिश्मा बेटी से आखिरी बार बात कर रही है। अस्पताल में उसने दूसरी बेटी को जन्म दिया। इसके कुछ देर बाद ही हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली। दोनों बेटियों के जन्म के दिन ही करिश्मा की मौत हो गई। नवजात की आंख खुलने से पहले ही उससे मां का आंचल छिन गया।
ईवा की मासूम आंखें भी अपनी मां का इंतजार करती रही। उसे पता नहीं था कि अब उसकी मां कभी नहीं लौटेगी। मासूम ने परिजनों से मां के बारे में पूछा तो सभी बिलख पड़े। शव देखकर वह बार-बार पूछ रही थी कि मां को क्या हुआ। परिजन उसे सीने से लगाकर रोने लगे।