मेरठ कॉलेज में छात्र पर जानलेवा हमला, तमंचा मारकर फोड़ा सिर
मेरठ। मेरठ कॉलेज में बृहस्पतिवार को सेना के रिटायर्ड हवलदार संजीव देशवाल के बेटे आर्यन पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया और सिर में तमंचा मारकर सिर फोड़ दिया। बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र आर्यन ने अपनी स्कूटी पर बैठे दो युवकों को हटने के लिए कहा तो उन्होंने साथियों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।
दोपहर करीब एक बजे क्लास में पढ़ाई के बाद आर्यन कॉलेज की पार्किंग में अपनी स्कूटी लेने पहुंचा। स्कूटी पर दो युवक बैठे बात कर रहे थे। आर्यन ने उन्हें हटने के लिए कहा तो कहासुनी हो गई। इस पर आरोपियों ने फोन कर साथियों को बुला लिया, जो लाठी-डंडे और तमंचे लेकर आए और मारपीट करनी शुरू कर दी। पिटाई के बाद हमलावरों ने आर्यन के सिर में तमंचे की बट सिर पर मारकर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पर आसपास के युवक और कालेज का स्टाफ दौड़ा तो आरोपी हवा में तमंचा लहराते हुए धमकी देकर फरार हो गए। छात्रों के साथ आर्यन लालकुर्ती थाने पहुंचा और प्रियांशु मलिक, मन्नू पंडित, बादल चौधरी और हर्ष राजपूत समेत दस हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल आर्यन का जिला अस्पताल में उपचार कराया। इंस्पेक्टर लालकुर्ती अतर सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर आ गई। मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।